रिपोर्ट – अंकित पाण्डे
हमीरपुर। जिला मुख्यालय स्थित बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ गुरुवार को प्राथमिक शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में शिक्षक नारेबाजी करते हुए कार्यालय पहुंचे और विभाग में तैनात एक बाबू पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शनकारी शिक्षकों का आरोप है कि विभागीय कार्यालय में बिना रिश्वत दिए शिक्षकों के काम नहीं किए जाते। शिक्षकों ने दावा किया कि जो कर्मचारी रिश्वत देने से इनकार करते हैं, उनके इंक्रीमेंट रोकने या काटने जैसी कार्रवाई की जाती है। इसको लेकर शिक्षकों में आक्रोश है।
शिक्षकों ने BSA से मुलाकात कर पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपी और संबंधित बाबू के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री पुष्पेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि विभाग में कथित भ्रष्टाचार के कारण शिक्षक लगातार परेशान हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि विभाग का बाबू शिक्षकों से रिश्वत मांगता है और रिश्वत न देने पर इंक्रीमेंट रोकने का आरोप है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की व्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और BSA से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
शिक्षकों की शिकायत सुनने के बाद BSA ने मामले की जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शिक्षकों ने कहा कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।
