लखनऊ में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक मौसम ने करवट ली और रुक-रुककर बारिश के साथ गरज-चमक हुई। तेज हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही, जिसके कारण मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 3 अप्रैल तक ऐसे ही मौसम रहने की संभावना है और 5 से 15 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।
मंगलवार रात करीब 12 बजे अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज आंधी और बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली कटौती हुई। गोमती नगर के लोहिया चौराहा पर सुंदरीकरण का स्ट्रक्चर भी उखड़ गया। बारिश के दौरान दिन में भी अंधेरा छा गया और वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
तेज आंधी और बारिश के कारण कई फीडरों को बंद करना पड़ा। प्रभावित क्षेत्रों में एल्डिको चैंबर्स, विनीत खंड, मंत्री आवास, विशेष खंड, इंडियन आयल, विभूति वेयरहाउसिंग, फैजाबाद रोड और जानकीपुरम शामिल हैं। उमसभरी गर्मी और बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी।
मौसम विभाग के अनुसार, आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकतम आर्द्रता 59 फीसदी और न्यूनतम 23 फीसदी रही।
