पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी के नवागत जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य के जनपद में प्रथम आगमन पर पूरे जिले में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे और ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों व फूल-मालाओं के साथ जोरदार अभिनंदन किया गया।
जिलाध्यक्ष का काफिला जैसे ही पीलीभीत में दाखिल हुआ, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सबसे पहले सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के कजरी निरंजनपुर स्थित पंडित राजेंद्र प्रसाद स्मारक कॉलेज ऑफ फार्मेसी मेडिकल हॉस्पिटल परिसर में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अस्पताल के एमडी अमित मिश्रा ने किया, जहां सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और जिलाध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया। “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इसके बाद काफिला गढ़वाखेड़ा के लिए रवाना हुआ, जहां रास्ते में कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने काफिला रोककर स्वागत किया। फूलों की वर्षा और पारंपरिक अंदाज में ढोल-नगाड़ों के साथ अभिनंदन किया गया। गढ़वाखेड़ा में आयोजित सम्मान समारोह में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
इसके उपरांत काफिला भोपतपुर पहुंचा, जहां पूरनपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अपूर्व सिंह के नेतृत्व में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे और स्वागत के दौरान सड़कें जनसैलाब में तब्दील हो गईं। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर कार्यकर्ता उत्साह से झूमते नजर आए।
कार्यक्रम में बाबूराम पासवान भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और सभी को मिलकर इसे और सशक्त बनाना होगा।
वहीं जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष के इस प्रथम आगमन ने यह स्पष्ट कर दिया कि जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा मजबूत बनी हुई है।
