Homeउत्तर प्रदेशऑनलाइन गेम खेलते समय 22 साल के युवक की मौत, जानें ऐसा...

ऑनलाइन गेम खेलते समय 22 साल के युवक की मौत, जानें ऐसा क्या हुआ

मेरठ: मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन गेमिंग के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, गेम खेलते वक्त युवक का ब्लड प्रेशर अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों ने मौत की वजह ब्रेन हेमरेज (दिमाग की नस फटना) बताई है।

मृतक की पहचान और घटना का विवरण

मृतक की पहचान खैरनगर गूलर वाली निवासी मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कैफ लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और घंटों मोबाइल पर गेम खेलता रहता था।

घटना वाले दिन भी वह कान में ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान उसे अचानक तेज सिरदर्द, बेचैनी और घबराहट महसूस हुई। कुछ ही देर में वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

अस्पताल ले जाने पर खुली गंभीर स्थिति

परिजन आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। वहां करीब दो दिन तक इलाज चला, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, भर्ती के समय कैफ का ब्लड प्रेशर 300 से ज्यादा था, जिसे डॉक्टर बेहद खतरनाक स्थिति मानते हैं।

परिवार और मोहल्ले वालों की प्रतिक्रिया

परिवार का कहना है कि उन्हें कैफ की गेमिंग लत का अंदाजा नहीं था। इस मामले में परिजन ज्यादा कुछ कहने से बच रहे हैं। वहीं मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, कैफ अक्सर घंटों मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलता रहता था।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि इससे पहले गाजियाबाद में ऑनलाइन गेमिंग की लत के चलते तीन बहनों द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आ चुका है। ऐसे मामलों ने युवाओं में बढ़ती गेमिंग एडिक्शन को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

डॉक्टरों की चेतावनी

डॉक्टरों का कहना है कि लगातार स्क्रीन पर समय बिताना, अत्यधिक मानसिक तनाव, उत्तेजना और नींद की कमी ब्लड प्रेशर बढ़ने, हार्ट और ब्रेन से जुड़ी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है। खासकर युवा वर्ग को ऑनलाइन गेमिंग में संतुलन बनाए रखने की सख्त जरूरत है।

RELATED ARTICLES

Most Popular