भारतीय रिज़र्व बैंक ने रेपो रेट में कटौती की है. आरबीआई ने इसमें 25 बेसिस पॉइंट की कटौती की है. इसके बाद अब मौजूदा रेपो रेट 6.25 फ़ीसदी हो गया है. पहले यह दर 6.50 फ़ीसदी थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह जानकारी आरबीआई के नए गवर्नर संजय मल्होत्रा ने दी. उन्होंने कहा कि नई फ़सल के आने के बाद महंगाई के कम होने का अनुमान है.
भारतीय रिज़र्व बैंक का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025 में महंगाई दर 4.8 फ़ीसदी रहेगी. आगे इसमें और कमी आ सकती है.
रिजर्व बैंक की ओर से रेपो रेट में इस कटौती के बाद होम लोन की ईएमआई कम हो सकती है. लेकिन ये बैंकों के रुख़ पर निर्भर करेगा.
आरबीआई गवर्नर ने कहा कि डिजिटल फ्रॉड का बढ़ना चिंता का विषय है. आरबीआई डिजिटल सिक्योरिटी बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है.
