उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दो युवक गूगल मैप की मदद से कार से दोस्त के घर जा रहे थे. इसी बीच, गूगल मैप का लोकेशन उन्हें एक खेत में ले गया और उनकी कार वहां जाकर फंस गई. चूंकि रात का समय था, तो उन्होंने कुछ युवकों को मदद के लिए बुलाया. लेकिन मदद करने पहुंचे युवक उनकी कार और मोबाइल लूटकर फरार हो गए. अब पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
पीड़ित युवकों के मुताबिक, काफी देर तक दोनों ने खेत में फंसी कार निकालने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी नहीं निकल सकी. इसके बाद उन्होंने एक बाइक पर आ रहे दो युवकों से मदद मांगी. दोनों ने मदद करने की बात कही और कहा कि वो अपने एक साथी को ओर लेकर आ रहे हैं. कुछ देर बाद दोनों बाइक सवार युवक एक तीसरे युवक को लेकर पहुंचे और गाड़ी को धक्का लगवाया और बाहर निकलकर हाईवे तक आ गए.
