Homeउत्तर प्रदेशडिप्टी सीएम केशव मौर्य ने की विकास कार्यों की समीक्षा, SHG और...

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने की विकास कार्यों की समीक्षा, SHG और स्मार्ट गांव पर दिया जोर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ स्थित योजना भवन में सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

3 करोड़ ग्रामीण महिलाओं को SHG से जोड़ने का लक्ष्य

डिप्टी सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश का लक्ष्य 3 करोड़ ग्रामीण गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जोड़ने का है। उन्होंने बताया कि सरकार ने अब एक करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य तय किया है, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।

प्रेरणा कैंटीन और व्यापार के नए अवसर

केशव मौर्य ने बताया कि प्रेरणा कैंटीन का दायरा बढ़ाया जाएगा और उत्पादों की बिक्री के लिए नए प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्लॉक परिसरों में खाली जगह पर स्टॉल बनवाकर दीदियों को दिए जाएं, जिससे वे अपने उत्पादों का व्यवसाय कर सकें।

‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना की शुरुआत

डिप्टी सीएम ने कहा कि ‘एक जनपद एक उत्पाद’ के बाद अब ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना शुरू की गई है। इसके तहत हर जिले में ऐसी दुकानें बनाई जाएंगी, जहां प्रदेश के सभी 75 जिलों के उत्पाद और व्यंजन उपलब्ध होंगे।

EU ट्रेड डील से SHG उत्पादों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय बाजार

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का स्वागत करता है। इससे प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों को यूरोपीय बाजार मिल सकता है।

खाद्य प्रसंस्करण और दुग्ध उत्पादन पर फोकस

डिप्टी सीएम ने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण विभाग के तहत 826 विकास खंडों में 5 करोड़ रुपये की लागत वाली इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिनमें 35% सब्सिडी और 90% सौर सब्सिडी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में 80 हजार महिलाएं ‘बल्नी दुग्ध प्रोड्यूसर कंपनी’ से जुड़ी हैं और ऐसी कंपनियां प्रदेश के 18 मंडलों में स्थापित की जाएंगी।

THR प्लांट और सौर ऊर्जा पर निर्देश

उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी बच्चों के लिए 202 से अधिक टेक होम राशन (THR) प्लांट संचालित हैं, जिनमें से 40 को 90% सौर सब्सिडी दी गई है। शेष इकाइयों को भी सौर ऊर्जा से जोड़ने या अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।

SHG को ऑनलाइन भुगतान और ई-रिक्शा चार्जिंग सुविधा

डिप्टी सीएम ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था से जोड़ा जाएगा, ताकि पूरा पैसा सीधे उनके खातों में पहुंचे। उन्होंने ई-रिक्शा चलाने वाली दीदियों की चार्जिंग समस्या के समाधान के निर्देश भी दिए।

विधायक निधि और ग्राम चौपालों पर सख्ती

उन्होंने निर्देश दिया कि विधायक निधि की स्वीकृति 45 दिनों के भीतर सुनिश्चित की जाए। साथ ही हर तीन महीने में दिशा बैठकों और नियमित ग्राम चौपालों के आयोजन पर जोर दिया।

स्मार्ट गांव और अमृत सरोवर का विकास

डिप्टी सीएम ने कहा कि इनक्यूबेशन सेंटर (ब्रांडिंग और पैकेजिंग) स्वयं सहायता समूहों को सौंपे जाएंगे। उन्होंने अमृत सरोवरों को हरा-भरा रखने और उनमें पानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

अंत में उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ और ‘स्मार्ट गांव’ का लक्ष्य गांवों के समग्र विकास को सुनिश्चित करेगा और उत्तर प्रदेश इसमें अग्रणी भूमिका निभाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular