उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के शिक्षकों और शिक्षामित्रों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर अब प्रदेश सरकार के शिक्षकों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
आज गुरुवार को लोकभवन, लखनऊ में होने वाली कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की पूरी संभावना है।
कैबिनेट बैठक में लग सकती है मुहर
सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक में शिक्षा विभाग के इस अहम प्रस्ताव समेत 29 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा कर मंजूरी दी जा सकती है।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षकों और शिक्षामित्रों को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी।
8 लाख से ज्यादा शिक्षकों को होगा सीधा फायदा
योगी सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 8 लाख से अधिक शिक्षक, शिक्षामित्र और अन्य स्टाफ को लाभ मिलेगा।
इस योजना के तहत शामिल होंगे:
-
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक
-
स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक
-
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक
-
शिक्षामित्र, अनुदेशक, वार्डन, रसोइया
-
साथ ही इनके आश्रित परिवार के सदस्य
आयुष्मान योजना की तर्ज पर लागू होगी स्कीम
सूत्रों के अनुसार, शिक्षा विभाग इस योजना को आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर लागू करने की तैयारी कर रहा है।
इलाज की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह कैशलेस होगी, जिससे गंभीर बीमारी या आपात स्थिति में शिक्षकों को आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
शिक्षक दिवस पर किया गया था ऐलान
गौरतलब है कि प्रदेश में लंबे समय से शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज की मांग उठ रही थी।
इसी को देखते हुए 5 सितंबर (शिक्षक दिवस) के अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस योजना की घोषणा की थी, जिसे अब कैबिनेट की मंजूरी मिलने जा रही है।
कैबिनेट में ये प्रस्ताव भी होंगे शामिल
आज की बैठक में इसके अलावा:
-
जेवर एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त जमीन अधिग्रहण
-
मोटर वाहन इंस्पेक्टर के 351 पदों पर नियुक्ति
-
और अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा की जाएगी।
