Homeउत्तर प्रदेशUP BJP में अनुशासन पर जोर, सार्वजनिक मंच पर असंतोष जताने वालों...

UP BJP में अनुशासन पर जोर, सार्वजनिक मंच पर असंतोष जताने वालों पर कसेगा शिकंजा

उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में अब अनुशासनहीनता को लेकर सख्त रुख अपनाने की तैयारी है. पार्टी कार्यक्रमों या सार्वजनिक मंचों पर नाराज़गी और विरोध के सुर दिखाने वाले भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है.

अनुशासन समिति की बढ़ेगी सक्रियता

सूत्रों के मुताबिक, यूपी भाजपा की अनुशासन समिति को पूरी तरह सक्रिय किया जा रहा है.
जो नेता पार्टी की नीति या फैसलों पर खुले तौर पर सवाल उठाते पाए जाएंगे, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा.

नोटिस का जवाब तय करेगा आगे की कार्रवाई

पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगर नोटिस का संतोषजनक और समयबद्ध जवाब नहीं मिला, तो संबंधित नेता के खिलाफ संगठनात्मक और राजनीतिक कार्रवाई की जा सकती है.
इसमें पद से हटाने से लेकर भविष्य की जिम्मेदारियों पर रोक जैसे कदम भी शामिल हैं.

भीतरखाने बढ़ रही है नाराज़गी

हाल के महीनों में कई विधायकों और संगठन पदाधिकारियों में असंतोष देखने को मिला है.
विकास कार्यों की गति, संगठनात्मक तालमेल और आपसी टकराव को लेकर सामने आई शिकायतों ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है.

2027 चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की कवायद

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि अगर समय रहते आंतरिक मतभेदों पर लगाम नहीं लगी, तो इसका असर 2027 विधानसभा चुनाव पर पड़ सकता है.इसी वजह से पार्टी अब अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने जा रही है.

पार्टी की छवि बचाने की कोशिश

सूत्र बताते हैं कि सार्वजनिक रूप से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान और गतिविधियां अब बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.संगठन चाहता है कि मतभेद हों तो पार्टी के भीतर सीमित रहें, न कि मीडिया या मंचों पर.

RELATED ARTICLES

Most Popular