पटना, बिहार विधान परिषद की सोमवार की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच जोरदार तकरार देखने को मिली। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दल ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर हंगामा शुरू किया।
सीएम नीतीश कुमार ने इस दौरान राबड़ी देवी को संबोधित करते हुए कहा, “ई जो लड़की है… वह क्या जानती है?” और विपक्ष पर भी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल हल्ला करता है, काम कुछ नहीं करता।
विपक्ष की नारेबाजी के बीच सभापति अवधेश नारायण सिंह को सदन स्थगित करना पड़ा। बावजूद इसके, दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी रहे। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार केंद्र सरकार के सहयोग से आगे बढ़ रहा है और विपक्ष अब तक कुछ नहीं कर पाया।
तीन दिन पहले भी विधानसभा में नीतीश कुमार ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को चुप कराते हुए उन्हें “बच्चा हो, चुप रहो” कहा था।
बैठक के दौरान बिहार नगर पालिका योजना सेवा नियमावली 2025 और बिहार नगर पालिका विधि सेवा नियमावली 2025 की प्रतियां सदन पटल पर रखी गई, लेकिन विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण कार्यवाही को ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
