Homeउत्तर प्रदेशलोकसभा में अखिलेश यादव का बजट पर तीखा हमला, बोले– भाजपा का...

लोकसभा में अखिलेश यादव का बजट पर तीखा हमला, बोले– भाजपा का बजट सिर्फ…

नई दिल्ली: लोकसभा में आम बजट पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अमेरिका से हुई डील, किसानों को राहत, महंगाई और सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों को लेकर तंज कसा और बजट को दिशाहीन करार दिया।

अखिलेश यादव ने कहा,“सोने के भाव कहां पहुंच गए हैं? अब तो चांदी भी गरीब की पहुंच से दूर हो गई है। यह सरकार चलती रही तो गरीब लोहे पर पीतल चढ़ाकर अपनी बेटी की विदाई भी नहीं कर पाएगा।”

उन्होंने कहा कि सपा भाजपा के हर बजट को “एक बटा बीस का बजट” मानती है, क्योंकि यह केवल पांच फीसदी लोगों के लिए बनाया जाता है।

अमेरिका डील और आत्मनिर्भरता पर सवाल

अखिलेश यादव ने सरकार से पूछा कि पहले अमेरिका से डील तय हुई या फिर बजट बनाया गया।
उन्होंने कहा,“क्या इस डील ने आत्मनिर्भर भारत की परिभाषा बदल दी है?”उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जनता जानना चाहती है कि जीरो बड़ा है या अठारह

बजट में विजन नहीं, PDA की अनदेखी

सपा प्रमुख ने कहा कि यह बजट पूरी तरह विजनहीन है और इसमें 2047 के विकसित भारत की कोई झलक नहीं दिखती।
उन्होंने कहा,“इस बजट में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के लिए कुछ भी नहीं है। ऐसा लगता है कि सरकार ने इनके बारे में सोचना ही छोड़ दिया है।”

उत्तर प्रदेश के लिए कोई खास योजना नहीं

अखिलेश यादव ने कहा कि बजट में उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कोई ठोस योजना नहीं है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के बावजूद यूपी को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।

किसानों को MSP की कानूनी गारंटी नहीं

अखिलेश यादव ने कहा कि आज भी किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी नहीं मिली है।
उन्होंने सवाल किया,“दूध उत्पादन पर MSP की गारंटी सरकार कैसे देगी?”उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की बजाय कुछ अदृश्य लोगों को फायदा पहुंचा रही है।

आम जनता की न फिक्र, न जिक्र

अखिलेश ने कहा कि अगर सरकार को जनता की फिक्र होती तो किसानों को खाद और बीज समय पर मिलते।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों को उनके हाल पर छोड़ दिया है।

उन्होंने मणिकर्णिका घाट में अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति तोड़े जाने की आलोचना की और गंगा की सफाई पर भी सवाल उठाए।

आरक्षण के साथ हो रहा खिलवाड़

अखिलेश यादव ने कहा कि विश्वविद्यालयों में जिस तरह से नियुक्तियां हो रही हैं, उससे आरक्षण के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा है।उन्होंने कहा,“पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यकों को अधिकार दिए बिना विकसित भारत संभव नहीं है।”

बुलडोजर पर भी तंज

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रजातंत्र में बुलडोजर की कोई जगह नहीं होती।
उन्होंने सवाल उठाया कि“वोट नहीं मिलता तो दालमंडी को डेमोलिश कर देंगे?”

विदेश नीति और मेक इन इंडिया पर सवाल

अखिलेश यादव ने सरकार की विदेश नीति को भी असफल बताया।
उन्होंने कहा कि चीन जमीन और बाजार दोनों पर नजर रखे हुए है, जबकि मेक इन इंडिया का सपना अब तक पूरा नहीं हो पाया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular