लखनऊ। राजधानी लखनऊ में लव मैरिज के बाद एक युवक की ससुराल में बेरहमी से हत्या कर दी गई। विदाई के बहाने बुलाए गए दामाद को ससुर और सालों ने पहले पीटा, फिर पेट और सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना 16 फरवरी की देर रात थाना काकोरी क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव की है। मृतक की पहचान रामसागर (24) निवासी माधव टांडा, जिला पीलीभीत के रूप में हुई है।
मंदिर और कोर्ट मैरिज के बाद बढ़ा विवाद
रामसागर ने दिसंबर 2024 में लालता खेड़ा निवासी कामिनी से लव मैरिज की थी। दोनों ने पहले मंदिर में शादी की और बाद में कोर्ट मैरिज भी की। शादी के बाद वे पीलीभीत में रहने लगे।
बताया जा रहा है कि कामिनी के परिजन इस विवाह से नाराज थे। कुछ समय बाद वे पीलीभीत पहुंचे और रीति-रिवाज से शादी कराने की बात कहकर कामिनी को अपने साथ लालता खेड़ा ले गए।
दूसरी जगह शादी तय करने की कोशिश
मृतक के भाई राहुल गौतम के मुताबिक, कामिनी के मायके वालों ने उसे रामसागर से रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाया और दूसरी जगह शादी तय करने की कोशिश की। हालांकि कामिनी चोरी-छिपे रामसागर से संपर्क में थी।जब कामिनी ने दूसरी शादी तय होने की सूचना रामसागर को दी, तब विवाद और बढ़ गया।
विदाई के बहाने बुलाया, गांव के बाहर ले जाकर हमला
16 फरवरी को कामिनी के पिता भीमा, भाई सुमित और अमित ने विदाई के बहाने रामसागर को लालता खेड़ा बुलाया। रामसागर अपने भाई राहुल के साथ वहां पहुंचा।
आरोप है कि भीमा, सुमित, अमित और पंकज (मौसेरा भाई) रामसागर को गांव के बाहर ले गए और कामिनी से रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाया। विवाद बढ़ने पर चारों ने रामसागर की पिटाई शुरू कर दी।
राहुल के अनुसार, सुमित ने रामसागर के पेट और सीने में चाकू घोंप दिया। बीच-बचाव करने पर राहुल को भी चोटें आईं।
अस्पताल में हुई मौत
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल रामसागर को एंबुलेंस से सरोजनीनगर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की जांच जारी है।
धान काटने के दौरान हुई थी मुलाकात
मृतक की मां आनंदवती ने बताया कि रामसागर धान काटने की मशीन चलाता था। करीब तीन साल पहले लालता खेड़ा गांव में काम के दौरान उसकी मुलाकात कामिनी से हुई थी। मोबाइल नंबर के आदान-प्रदान के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और प्यार में बदल गई।रामसागर तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिवार में उसकी मौत के बाद कोहराम मचा हुआ है।
