लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वैलेंटाइन डे के दिन प्रेम प्रसंग ने हिंसक मोड़ ले लिया। 25 वर्षीय युवक महेंद्र कन्नौजिया पर उसकी प्रेमिका के दो भाइयों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने सर्जिकल ब्लेड से युवक का गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल युवक के गले पर 18 टांके लगे हैं, हालांकि समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
घटना पारा थाना क्षेत्र के खुशहालगंज की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, 14 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे महेंद्र के परिवार ने उसकी 27 वर्षीय प्रेमिका को घर बुलाया था। परिवार शादी की बातचीत शुरू करने वाला था।
इसी दौरान युवती के छोटे भाई शिवम गौतम और अनुराग गौतम अचानक वहां पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने बरामदे में घुसते ही महेंद्र को जमीन पर गिरा दिया और ऑपरेशन थिएटर में इस्तेमाल होने वाले सर्जिकल ब्लेड से उसके गले पर वार कर दिया।अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।
पिता और चाचा ने दिखाई बहादुरी
महेंद्र के पिता संतोष कन्नौजिया और चाचा रमेश ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों के हाथ से ब्लेड छीन लिया और दोनों को पकड़ लिया।
गंभीर रूप से घायल महेंद्र को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके गले पर 18 टांके लगाए। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रेम कहानी से बढ़ी रंजिश
परिजनों के अनुसार, महेंद्र का प्रेम संबंध उसके बड़े भाई की ससुराल के जरिए जुड़ा था। युवती के गांव में आना-जाना होने से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्यार में बदल गया।
हालांकि युवती का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी नाराजगी के चलते युवती के भाइयों ने हमला किया।
हत्या के प्रयास का केस दर्ज
पीड़ित परिवार दोनों आरोपियों को ब्लेड समेत पारा थाने ले गया और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एसीपी शकील अहमद ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
