Homeनई दिल्लीदिल्ली में पति ने पत्नी और तीन मासूम बेटियों को मार डाला,...

दिल्ली में पति ने पत्नी और तीन मासूम बेटियों को मार डाला, जानें वजह

दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले के समयपुर बादली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। चारों के शव एक ही कमरे में खून से लथपथ हालत में मिले। वारदात के बाद आरोपी मुनचुन केवट फरार है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों में अनीता और उसकी तीन बेटियां (उम्र 5 वर्ष, 4 वर्ष और 3 वर्ष) शामिल हैं। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब बुधवार सुबह करीब 7 बजे अनीता का एक रिश्तेदार उनके घर पहुंचा। दरवाजा खुला होने पर वह अंदर गया और कमरे में खून से लथपथ शव देखकर हैरान रह गया। उसने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

आरोपी फरार, हत्या गला रेतकर की गई

जांच में पता चला कि अनीता का पति मुनचुन केवट घर से गायब है और मुख्य संदिग्ध है। घर में संघर्ष के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हत्या गला रेतकर की गई और किसी धारदार हथियार का इस्तेमाल हुआ।

पड़ोसियों का बयान

पड़ोसियों ने बताया कि मुनचुन और अनीता करीब 3–4 महीने पहले चंदन पार्क में किराए के मकान में रहने आए थे। दंपती मूल रूप से बिहार के पटना के रहने वाले हैं। मुनचुन सब्जी बेचने का काम करता था। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार शांत स्वभाव का था और कभी झगड़े की आवाज नहीं सुनी गई।

पुलिस कार्रवाई और जांच

दिल्ली पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह का खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर मातम पसरा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular