उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने छह संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये सभी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के ठिकानों और अन्य संवेदनशील स्थानों की लोकेशन, वीडियो और फोटो विदेश में मौजूद लोगों को भेज रहे थे।
विदेश में भेजी जा रही थी संवेदनशील जानकारी
पुलिस के अनुसार इसके बदले में आरोपियों को पैसे भी मिलते थे। मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मसूरी थाना पुलिस की कार्रवाई के बाद कौशांबी थाना पुलिस ने भी जांच तेज करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी योजनाबद्ध तरीके से फोन और चैट के जरिए विदेश में मौजूद लोगों के संपर्क में थे।
मुख्य आरोपी सुहेल मलिक उर्फ रोमियो
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी सुहेल मलिक उर्फ रोमियो बताया जा रहा है, जो बिजनौर जिले के नरवदी नवाड़ा का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक सुहेल अपने साथियों से संवेदनशील क्षेत्रों, सुरक्षा बलों के ठिकानों और रेलवे स्टेशनों की वीडियो और फोटो बनवाकर लोकेशन के साथ मंगवाता था।
इसके बाद वह यह जानकारी विदेश में मौजूद लोगों को भेज देता था और बदले में अपने साथियों को पैसे देता था। जांच के दौरान पुलिस को सुहेल के मोबाइल फोन से सुरक्षा बलों के ठिकानों और रेलवे स्टेशनों की कई वीडियो, लोकेशन और विदेशी नंबरों के साथ चैट भी मिली है।
कई जिलों के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपी मूल रूप से बिजनौर, संभल, शाहजहांपुर और बदायूं जिलों के रहने वाले हैं, लेकिन फिलहाल ये सभी गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में किराये के मकानों में रह रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही पूरे नेटवर्क की जांच
एडीसीपी राजकरन नैय्यर ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्हें कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि अभी तक जांच में किसी आतंकी संगठन से सीधा संबंध सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस सभी साक्ष्यों की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं और विदेश में यह जानकारी किसे भेजी जा रही थी।
