प्रयागराज। फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर गांव में स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज की इमारत अचानक ध्वस्त हो गई। हादसे से पहले इमारत में तेज धमाका हुआ और इसके बाद अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। इससे आसपास का इलाका अफरा-तफरी में बदल गया और लोगों में भारी डर फैल गया। मलबे में कई मजदूर दब गए। प्रशासन और बचाव दलों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। अब तक चार मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश शामिल हैं। वहीं, 12 से 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज एसआरएन और बेली अस्पताल में किया जा रहा है। बचाव कार्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें जुटी हैं। जेसीबी मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से मलबे को हटाकर फंसे मजदूरों को बाहर निकाला जा रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि अमोनिया गैस की गंध और हादसे का डर इलाके में व्यापक रूप से फैल गया है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। पुलिस ने फाफामऊ थाने में FIR दर्ज की है। इसमें 7 नामजद और 4–5 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है, अन्य 6 गंभीर धाराओं में जांच कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त किया और मृतकों के परिवार को 2 लाख रुपये, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की हैं और वही जिला प्रशासन ने घायलों के इलाज और पूरे मामले की गहन जांच का भरोसा दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण अमोनिया गैस का रिसाव व टैंक फटना हो सकता है। प्रशासन और पुलिस जांच कर रहे हैं कि इमारत के निर्माण और सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं। स्थानीय लोग इस हादसे को औद्योगिक सुरक्षा और मजदूर सुरक्षा के लिए चेतावनी के रूप में देख रहे हैं।
