Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में CM हेल्पलाइन 1076 कर्मचारियों का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

लखनऊ में CM हेल्पलाइन 1076 कर्मचारियों का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से जुड़े कर्मचारियों ने सड़कों पर अपने आक्रोश का इजहार किया। करीब 200 से अधिक कर्मचारियों ने “1076 हाय-हाय” के नारे लगाते हुए अचानक प्रदर्शन शुरू किया और मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर कूच किया। मॉर्निंग शिफ्ट के कर्मचारियों के इस कदम से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने कई बार प्रयास किए, लेकिन कर्मचारियों ने आगे बढ़ना जारी रखा। लोहिया पार्क और संगीत नाटक अकादमी के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लेकिन कर्मचारी नहीं रुके। सख्ती से सड़क किनारे हटाने के दौरान हल्की झड़प भी हुई।

कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें कार्यस्थल पर गंभीर शोषण का सामना करना पड़ रहा है। ऑफिस में प्रवेश से पहले मोबाइल जमा करना, तय वेतन के बजाय कम भुगतान और कई महीनों तक सैलरी रोकना मुख्य शिकायतें हैं।

करीब एक घंटे की बातचीत के बाद पुलिस और अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया। पांच प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए भेजा गया, जबकि अन्य कर्मियों को उनके कार्यस्थल गोमतीनगर स्थित साइबर टॉवर वापस भेजा गया। प्रदर्शन से साफ है कि कर्मचारियों की मांगों और वेतन संबंधी मुद्दों को गंभीरता से लिया जाना आवश्यक है।

RELATED ARTICLES

Most Popular