Homeउत्तर प्रदेशगौतमबुद्ध नगर में 5 अप्रैल को निषाद पार्टी का शक्ति प्रदर्शन: डॉ....

गौतमबुद्ध नगर में 5 अप्रैल को निषाद पार्टी का शक्ति प्रदर्शन: डॉ. संजय निषाद

नोएडा/लखनऊ। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने गौतमबुद्ध नगर दौरे के दौरान आगामी 5 अप्रैल को नोएडा में होने वाले विशाल शक्ति प्रदर्शन का ऐलान किया। नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने पार्टी की रणनीति और संगठन विस्तार पर विस्तार से चर्चा की

डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी, भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी के रूप में देश और प्रदेश में लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों में भी पार्टी कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय हैं।

चार रैलियों का ऐलान, दो सफल पार्टी द्वारा गोरखपुर, प्रयागराज, मेरठ और वाराणसी में प्रस्तावित चार बड़ी सभाओं में से गोरखपुर और प्रयागराज की रैलियां सफल रहीं। इन कार्यक्रमों में मछुआ समाज के हजारों लोगों ने भाग लिया और आरक्षण, ताल-घाट, खनन और पारंपरिक अधिकारों की बहाली जैसे मुद्दे उठाए गए

मेरठ से नोएडा शिफ्ट हुई रैली
5 अप्रैल को मेरठ में प्रस्तावित रैली को अब गौतमबुद्ध नगर में आयोजित किया जाएगा। डॉ. निषाद ने दनकौर को ऐतिहासिक स्थल बताते हुए इसे समाज के शोषण के प्रतीक से जोड़ा और कहा कि अब समय बदल रहा है।

नोएडा इंडोर स्टेडियम में होगा आयोजन
यह विशाल सभा नोएडा इंडोर स्टेडियम में महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर आयोजित होगी। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है।

विभिन्न समाजों का मिल रहा समर्थन
डॉ. निषाद ने दावा किया कि पार्टी को केवट, मल्लाह, बिंद, कहार, धीवर, कश्यप समेत कई पिछड़ी जातियों का समर्थन मिल रहा है। साथ ही गुर्जर समाज की भी बड़ी भागीदारी इस रैली में देखने को मिलेगी।
इस रैली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में निषाद पार्टी के शक्ति प्रदर्शन और आगामी चुनावों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular