गोरखपुर, 3 अप्रैल। जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां सीताराम गौतम नामक युवक ने अपने दोस्त की भाभी खुशबू गौतम की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना कटरा बाजार की है और कथित अवैध संबंधों को खत्म करने को लेकर हुए विवाद के दौरान यह वारदात हुई।
बताया जा रहा है कि खुशबू के पति उपेंद्र विदेश (दुबई) में रहते हैं, जबकि घर पर देवर जितेंद्र और ससुर मौजूद थे। परिवार और समाज में बदनामी से बचने के लिए दोनों पक्षों ने गंगाजल हाथ में लेकर संबंध खत्म करने की कसम खाने का निर्णय लिया था।
बुधवार रात जब आरोपी सीताराम कसम खाने पहुंचा, तो खुशबू ने उससे किसी भी तरह के संबंध से इनकार कर दिया। इसी बात पर वह आगबबूला हो गया और विवाद बढ़ गया।
छत पर चढ़कर किया हमला
कुछ देर बाद जब खुशबू घर की छत पर टहल रही थी, तभी सीताराम सीढ़ियों से ऊपर पहुंचा और धारदार हथियार से उसके गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल खुशबू को परिजन तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
पुलिस की 6 टीमें कर रहीं तलाश
मृतका के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सीताराम गौतम के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी साउथ दिनेश कुमार पूरी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
