उत्तर प्रदेश के आगरा से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। थाना सैयां क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों के चलते इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने पहले मृतक लोकेंद्र को शराब पिलाई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव पर शराब और पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल सका।
यह मामला तब सामने आया जब बुधवार को लोकेंद्र का अधजला शव खेत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए पांच टीमों का गठन किया गया। मौके से मिली शराब की खाली बोतल और एक कागज के टुकड़े ने इस केस को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस ने बोतल पर लगे QR कोड के जरिए ठेके की पहचान की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो आरोपी शराब खरीदते नजर आए। इसके आधार पर पुलिस ने महेश और धर्मवीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ।
पूछताछ में महेश ने बताया कि उसके मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। जब लोकेंद्र को इसकी जानकारी हुई तो वह विरोध करने लगा और आसपास के लोगों को भी बताने लगा। इससे परेशान होकर तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
घटना के दिन पत्नी ने महेश को फोन कर घर बुलाया। इसके बाद महेश और उसके साथी धर्मवीर ने रास्ते में लोकेंद्र को रोका और खेत में ले जाकर पहले शराब पिलाई, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, हत्या की योजना बनाने से पहले महेश ने फिल्म Drishyam देखी थी और उसी से प्रभावित होकर सबूत मिटाने की कोशिश की। हत्या के बाद आरोपी घर लौटे और सामान्य तरीके से व्यवहार करने लगे।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से घटना में इस्तेमाल बाइक, खून से सने कपड़े सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
