आगरा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने संजय पैलेस स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सुमन ने कहा कि प्रदेश में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की मूर्तियां तोड़े जाने का सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने आगरा की किरावली तहसील के कोरे गांव का जिक्र करते हुए बताया कि एक सप्ताह पहले वहां अंबेडकर की मूर्ति को खंडित किया गया था, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने के बजाय तुरंत नई प्रतिमा लगवाने में जुट जाती है, जिससे दोषियों के खिलाफ सख्ती नहीं हो पाती। सुमन के मुताबिक, बाबा साहब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना उनके विचारों और संविधान पर हमला है।
सुमन ने यह भी कहा कि कुछ लोग डॉ. अंबेडकर और उनके द्वारा लिखे गए संविधान को कभी स्वीकार नहीं कर पाए हैं। उन्होंने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों के प्रति सरकार की वास्तविकता अब सामने आ रही है।
उन्होंने NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दलितों पर अत्याचार के मामले सबसे अधिक हैं और सरकार द्वारा पेश किए गए आंकड़े वास्तविकता से परे हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान सुमन ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
