Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ: निजी अस्पताल की चौथी मंजिल से गिरकर विवाहिता की संदिग्ध मौत,...

लखनऊ: निजी अस्पताल की चौथी मंजिल से गिरकर विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या का मामला दर्ज..

राजधानी लखनऊ के बंथरा इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और हत्या का आरोप लगाते हुए करीब सात घंटे तक हंगामा और प्रदर्शन किया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है। बंथरा के किशुनपुर कौड़िया निवासी अक्षत दीक्षित उर्फ सनी, जो रोडवेज में संविदा चालक हैं, अपनी पत्नी सीता दीक्षित (32) का इलाज जुनाबगंज स्थित प्रसाद अस्पताल में करा रहे थे। परिजनों के अनुसार सीता मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और उनका इलाज चल रहा था।

अक्षत ने बताया कि रविवार दोपहर सीता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात में वह भी अस्पताल में रुक गए। उन्होंने कहा कि तड़के करीब चार बजे उनकी आंख लगी और जब नींद खुली तो पत्नी अपने बिस्तर पर नहीं थीं।

सुबह करीब छह बजे सीता अस्पताल की चौथी मंजिल पर जनरल वार्ड के बाहर जीने के पास बेसुध अवस्था में पाई गईं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल प्रशासन ने प्रारंभिक बयान में इसे आत्महत्या का मामला बताया है, लेकिन परिजनों ने कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में सीता को तड़के चार बजे वार्ड से बाहर जाते हुए देखा गया, लेकिन गिरते हुए नहीं दिखाया गया। परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि यदि वह चौथी मंजिल से गिरी थीं तो घटनास्थल पर खून के निशान क्यों नहीं थे और शरीर पर गंभीर चोटें क्यों नहीं दिखीं।

मृतका के भाई अधिवक्ता नीरज तिवारी की तहरीर पर बंथरा पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बंथरा प्रभारी निरीक्षक के अनुसार शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसीपी कृष्णानगर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अस्पताल स्टाफ से पूछताछ कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular