गोरखपुर, 16 अप्रैल। Yogi Adityanath ने गुरुवार सुबह गोरखपुर प्रवास के दौरान Gorakhnath Temple में आयोजित जनता दर्शन में आम लोगों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान श्रावस्ती से आई एक महिला ने अपने गंभीर रूप से बीमार बच्चे के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई। बच्चे की स्थिति देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए और महिला को भरोसा दिलाया कि इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने महिला से आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली। जब महिला ने बताया कि कार्ड नहीं बना है, तो उन्होंने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसका आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर विवेकाधीन कोष से भी इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला का प्रार्थना पत्र श्रावस्ती के जिलाधिकारी को भेजा जाए और बच्चे के इलाज का अनुमान (इस्टीमेट) तैयार कर शासन को उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय रहते पूरी सहायता सुनिश्चित की जा सके।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों तक स्वयं पहुंचकर उन्होंने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी शिकायतों का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक होना चाहिए। अपराध और जमीन कब्जे से जुड़े मामलों पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंचीं, जिनसे मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक बातचीत की और बच्चों को चॉकलेट देकर आशीर्वाद भी दिया।

