लखनऊ के दौलतगंज वार्ड में बुधवार को शिया पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा एक दिवसीय ‘कानूनी मामलों में सलाह’ शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकालकर क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रम की शुरुआत आयोजित शिविर से हुई, जिसमें कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वहीद आलम ने वार्ड निवासियों और स्वयंसेवकों को भारतीय आपराधिक कानून की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के महत्वपूर्ण प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को उनके अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया।
डॉ. आलम ने पुलिस की कार्यप्रणाली, थाने और न्यायालय से जुड़े सामान्य मामलों तथा उनसे निपटने के व्यावहारिक उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से कई कानूनी समस्याओं का समाधान आसानी से किया जा सकता है।
इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने दौलतगंज क्षेत्र में रैली निकालकर घर-घर संपर्क किया। इस दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें आवश्यक कानूनी सलाह दी गई।
शिविर में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को कानूनी जानकारी से सशक्त बनाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
