उत्तर प्रदेश संभल में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर संभल जिला प्रशासन ने दो गांवों में बड़ी कार्रवाई की। ग्राम सभा की आरक्षित भूमि पर बने अवैध निर्माणों को हटाकर करीब 1.1 हेक्टेयर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
तहसील संभल के ग्राम बिछौली में गाटा संख्या 1240 (खाद के गड्ढे हेतु आरक्षित) और 1242 (पशुचर भूमि) पर अवैध रूप से इमामबाड़ा और ईदगाह का निर्माण किया गया था। मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तहसीलदार न्यायालय ने 31 जनवरी 2026 को बेदखली का आदेश जारी किया था। आदेश के खिलाफ अपील न होने पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर निर्माण हटवा दिया।
इसी क्रम में ग्राम मुबारकपुर बन्द में भी ग्राम सभा की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत पर जांच की गई। गाटा संख्या 623 और 630 पर मस्जिद और मदरसे का निर्माण पाया गया। प्रशासन ने पहले संबंधित पक्षों को स्वयं निर्माण हटाने का अवसर दिया, लेकिन संसाधनों की कमी बताने पर प्रशासन की मौजूदगी में अवैध ढांचे हटवाए गए।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के अनुसार पूरी कार्रवाई धारा 67, राजस्व अभिलेखों और न्यायालय के आदेश के तहत की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम सभा, पशुचर, खेल मैदान और सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में पहले संबंधित पक्षों को निर्धारित समय दिया जाता है, जिसके बाद ही कार्रवाई की जाती है। जिले में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जहां भी अवैध कब्जा मिलेगा, उसे हटाया जाएगा।
