लखनऊ। राजधानी के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा वाजिदनगर पुलिया से हसनपुर मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान शाहपुर गोडवा निवासी परमेश्वर (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने साथियों रजनीश (35) और राम (18) के साथ अपनी बहन की शादी के कार्ड बांटने जा रहा था। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि परमेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच जारी है।
