लखनऊ में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। सोमवार सुबह से तेज धूप और हल्की पछुआ हवाओं ने तापमान में और बढ़ोतरी कर दी। दोपहर 12 बजे तक शहर का पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सड़कों पर निकलने वाले लोग छाता और गमछे का सहारा लेकर धूप से बचने की कोशिश करते नजर आए।
दोपहर में स्कूल से लौटते बच्चे परेशान
स्कूल की छुट्टी के बाद दोपहर में घर लौटते बच्चे तेज धूप और गर्म हवाओं से बेहाल दिखे। 1090 चौराहा पर एक छात्र ने बताया कि धूप काफी तेज है और लू जैसे हालात हैं। उसने लोगों से अपील की कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और पर्याप्त पानी पीते रहें।
तापमान सामान्य से अधिक, राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 41°C और न्यूनतम 25°C रहने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.9°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4°C अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 24.4°C रहा, जो सामान्य से 2.8°C ज्यादा है।
पछुआ हवाओं और प्रतिचक्रवात का असर
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, निचले क्षोभमंडल में चल रही पछुआ हवाओं और महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से उत्तराखंड के तराई क्षेत्रों को छोड़कर लगभग पूरे प्रदेश में तापमान 40°C के पार पहुंच गया है।
आने वाले दिनों में लू का खतरा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में खास बदलाव नहीं होगा और गर्मी का असर जारी रहेगा। आगामी 4-5 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है। साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ‘वार्म नाइट’ की स्थिति बन सकती है।
