Homeउत्तर प्रदेशएलडीए की ओटीएस योजना को मिला अच्छा रिस्पॉन्स, 110 आवेदन पहुंचे

एलडीए की ओटीएस योजना को मिला अच्छा रिस्पॉन्स, 110 आवेदन पहुंचे

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को आवंटियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। सोमवार को 85 आवंटियों ने योजना के तहत आवेदन किया। हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारियों ने आवंटियों को योजना की पूरी जानकारी देने के साथ ही ऑनलाइन फॉर्म भरने में भी सहायता प्रदान की। अब तक कुल 110 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए एलडीए विभिन्न योजनाओं में कैंप आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में जानकीपुरम विस्तार के सेक्टर-7 स्थित आश्रयहीन योजना और भवानी मार्केट में कैंप लगाया गया, जो मंगलवार को भी जारी रहेगा।

उप सचिव माधवेश कुमार के अनुसार, कॉल सेंटर और आईटी सेल के माध्यम से बकायेदारों को फोन, मैसेज और ई-मेल के जरिए योजना की जानकारी दी जा रही है। यह ओटीएस योजना 18 अप्रैल से 17 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी।

दंड और चक्रवृद्धि ब्याज में राहत
यह योजना प्राधिकरण की सभी आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों, सरकारी संस्थाओं, स्कूल भूखंडों, चैरिटेबल संस्थाओं, नीलामी से आवंटित संपत्तियों, सहकारी आवास समितियों और मानचित्रों पर लागू है। जिन आवंटियों पर किस्तें समय पर जमा न करने के कारण दंड और चक्रवृद्धि ब्याज लगा है, उन्हें इस योजना के तहत राहत मिलेगी। बकाया राशि जमा कर वे अपनी संपत्ति का स्वामित्व प्राप्त कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular