Homeउत्तर प्रदेशविश्व पृथ्वी दिवस पर बीबीएयू में दो दिवसीय कार्यक्रम, 200+ विद्यार्थियों की...

विश्व पृथ्वी दिवस पर बीबीएयू में दो दिवसीय कार्यक्रम, 200+ विद्यार्थियों की भागीदारी

लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ के अवसर पर 21-22 अप्रैल को भूविज्ञान विभाग और सतत विकास लक्ष्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति राज कुमार मित्तल के संरक्षण और विभागाध्यक्ष नरेंद्र कुमार व समिति अध्यक्ष नवीन कुमार अरोड़ा के मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है।

21 अप्रैल को पृथ्वी दिवस की पूर्व संध्या पर विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

पर्यावरण जागरूकता पर विशेष जोर
कार्यक्रम समन्वयक प्रो. नरेंद्र कुमार ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाना और जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं और उन्हें दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के जरिए पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं।

200 से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी
प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने बताया कि इस अवसर पर छह रचनात्मक और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 200 से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को पर्यावरणीय मुद्दों, सतत विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन
कार्यक्रम के तहत ‘सतत विकास लक्ष्य: सतत भविष्य में युवाओं की भूमिका’ विषय पर पोस्टर मेकिंग, ‘हम जिस पृथ्वी के हकदार हैं, उसके लिए एक दृष्टि’ पर रंगोली, ‘हमारी पृथ्वी: आशा बनाम कार्रवाई’ पर भाषण और ‘विभिन्न दृष्टिकोणों से पर्यावरण: चुनौतियाँ और समाधान’ पर इको-रील चैलेंज आयोजित किया गया। इसके अलावा ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ विषय पर काव्य पाठ और ‘सतत विकास लक्ष्य’ पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी हुई।

22 अप्रैल को ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ के अवसर पर विश्वविद्यालय में एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular