इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) लखनऊ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर जनस्वास्थ्य, चिकित्सा सेवाओं और चिकित्सक हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व IMA लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना और सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान उन्होंने जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, चिकित्सा व्यवस्था में सुधार और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में IMA की भूमिका से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
बैठक में संगठन के लिए नए और विस्तृत भवन निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि आवंटन की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
इसके अलावा, लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में झोलाछाप और अनधिकृत चिकित्सा गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए एक समन्वित समिति के गठन का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया, ताकि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने अस्पतालों के CMO पंजीकरण नवीनीकरण प्रक्रिया में सुधार के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। पहले जहां यह प्रक्रिया हर साल होती थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर पांच वर्ष कर दिया गया है, जिससे चिकित्सकों और अस्पताल संचालकों को बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और जनहित में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
