Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में 24 अप्रैल को उत्तर जोन क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन, 9 राज्यों...

लखनऊ में 24 अप्रैल को उत्तर जोन क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन, 9 राज्यों के मंत्री और विशेषज्ञ होंगे शामिल

लखनऊ, 23 अप्रैल। उत्तर भारत के कृषि विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से 24 अप्रैल को राजधानी लखनऊ में उत्तर जोन का क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसमें 9 राज्यों के कृषि मंत्री, अधिकारी, वैज्ञानिक और प्रगतिशील किसान भाग लेंगे।

कृषि मंत्री Surya Pratap Shahi ने लोकभवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में Yogi Adityanath, Shivraj Singh Chouhan, राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और रामनाथ ठाकुर भी उपस्थित रहेंगे।

सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, एफपीओ, स्टार्टअप, बागवानी, दलहन आत्मनिर्भरता मिशन और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन जैसे अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी।

कृषि मंत्री ने बताया कि विभिन्न राज्य अपने-अपने सफल कृषि मॉडल प्रस्तुत करेंगे। उत्तर प्रदेश में गन्ने के साथ इंटरक्रॉपिंग और धान की सीधी बुवाई (DSR) तकनीक पर प्रस्तुति दी जाएगी, जिसे केंद्र सरकार ने किसानों के हित में उपयोगी माना है। वहीं पंजाब फसल विविधीकरण, जबकि हिमाचल और उत्तराखंड बागवानी मॉडल साझा करेंगे।

सम्मेलन में नकली कीटनाशकों और उर्वरकों की रोकथाम, संतुलित उपयोग और वैकल्पिक उर्वरकों को बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श होगा। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भविष्य की नीतियों पर भी मंथन किया जाएगा।

एक सवाल के जवाब में मंत्री ने बताया कि प्रदेश में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। लगभग 20 लाख मीट्रिक टन से अधिक उर्वरक उपलब्ध है, जिसमें 11.5 लाख एमटी यूरिया शामिल है। उन्होंने कहा कि यूरिया की खपत कम करने के लिए सरकार करीब 40 हजार कुंतल ढेंचा बीज किसानों को उपलब्ध कराएगी, जिससे 20 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकेगी।

यह सम्मेलन उत्तर भारत में कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular