Homeउत्तर प्रदेशहोमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर आगरा प्रशासन अलर्ट, डीएम और अपर पुलिस...

होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर आगरा प्रशासन अलर्ट, डीएम और अपर पुलिस आयुक्त का औचक निरीक्षण

रिपोर्ट :ममता भारद्वाज, आगरा

होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर आगरा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए डीएम और अपर पुलिस आयुक्त ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों की एंट्री प्रक्रिया और सीटिंग प्लान का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बोर्ड द्वारा जारी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन कराया जाए।

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शीतल पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और छायादार स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश द्वार पर ग्रीन नेट या शेड लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें गर्मी से राहत मिल सके। साथ ही बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था भी छायादार स्थान पर करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। नकल रोकने के लिए जैमर और बायोमेट्रिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा की गरिमा भंग करने या किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि में शामिल पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और परीक्षा देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गौरतलब है कि आगरा जनपद में 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में कुल 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 75,168 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी—पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

निरीक्षण के दौरान अन्य प्रशासनिक अधिकारी और केंद्र व्यवस्थापक भी मौजूद रहे।


RELATED ARTICLES

Most Popular