Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में संगठित अपराध पर सख्ती: क्राइम ब्रांच ने शुरू की 24×7...

लखनऊ में संगठित अपराध पर सख्ती: क्राइम ब्रांच ने शुरू की 24×7 हेल्पलाइन

प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को आगे बढ़ाते हुए लखनऊ पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ एक नई पहल की शुरुआत की है। क्राइम ब्रांच, कमिश्नरेट लखनऊ ने 24 घंटे संचालित होने वाली ऑर्गेनाइज़्ड क्राइम हेल्पलाइन (7839861034) लॉन्च की है। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को अपराध नियंत्रण में भागीदार बनाना और समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

गोपनीय सूचना, तुरंत एक्शन

इस हेल्पलाइन के जरिए नागरिक अपने इलाके में हो रही संदिग्ध गतिविधियों—जैसे नशा तस्करी, मानव तस्करी और अन्य संगठित अपराध—की जानकारी बिना पहचान उजागर किए दे सकेंगे। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि हर सूचना पर तेजी और प्रभावी ढंग से कार्रवाई की जाएगी।

जागरूकता के लिए X हैंडल शुरू

क्राइम ब्रांच ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी कदम बढ़ाते हुए अपना X (ट्विटर) हैंडल @Crime_branchlko शुरू किया है। इस प्लेटफॉर्म पर साइबर फ्रॉड, फर्जी कॉल-मैसेज और अन्य अपराधों से बचाव के उपाय साझा किए जाएंगे, ताकि लोग समय रहते सतर्क रह सकें।

नागरिकों से सहयोग की अपील

अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरन यादव ने कहा कि यह पहल जनता और पुलिस के बीच सहयोग को मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन 24×7 सक्रिय रहेगी और सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही, उपयोगी जानकारी देने वालों को प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।

“छोटी सूचना भी बड़ी मदद”

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे बिना किसी डर के आगे आएं और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साझा करें। एक छोटी सी सूचना भी बड़े अपराध को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular