Homeउत्तर प्रदेशपीजीआई में यूपी का पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण, बोले ब्रजेश पाठक— बनेगा...

पीजीआई में यूपी का पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण, बोले ब्रजेश पाठक— बनेगा मील का पत्थर

संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (पीजीआई) में उत्तर प्रदेश का पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण चिकित्सा क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इस उपलब्धि को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भविष्य के लिए “मील का पत्थर” बताया।

संस्थान में आयोजित सम्मान समारोह में डिप्टी सीएम ने ऑपरेशन में शामिल चिकित्सकों और मेडिकल टीम की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पीजीआई की प्रगतिशील कार्यशैली और डॉक्टरों की मेहनत से यह सफलता संभव हुई है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पीजीआई न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिकित्सा क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश ही नहीं, बल्कि बिहार, नेपाल और अन्य राज्यों के मरीज भी यहां की सेवाओं पर भरोसा करते हैं।

बेड्स और सुविधाओं में हो रहा विस्तार

डिप्टी सीएम ने बताया कि सरकार अस्पतालों में बेड की संख्या लगातार बढ़ा रही है, खासकर आईसीयू और क्रिटिकल केयर सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इमरजेंसी और ट्रॉमा सेवाओं में भी पीजीआई का प्रदर्शन सराहनीय बताया गया।

AI और क्वालिटी केयर प्रोजेक्ट्स को मिली मंजूरी

सरकार ने पीजीआई द्वारा भेजे गए क्वालिटी केयर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी है। इन योजनाओं को जल्द ही जमीन पर उतारने की दिशा में काम किया जा रहा है

मरीजों के प्रति संवेदनशीलता पर जोर

डिप्टी सीएम ने चिकित्सकों से अपील की कि वे मरीजों के प्रति संवेदनशील रहें और किसी भी मरीज को बिना प्राथमिक उपचार के वापस न भेजें। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल पेशा नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है और इसे विनम्रता व टीम भावना के साथ निभाना चाहिए।

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

इस अवसर पर निदेशक प्रो. राधा कृष्ण धीमान, अपर प्रमुख सचिव अमित घोष, सीएमएस प्रो. देवेंद्र गुप्ता, सीवीटीएस विभागाध्यक्ष डॉ. एस.के. अग्रवाल, कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. आदित्य कपूर और एनेस्थीसिया विभाग से प्रो. पुनीत गोयल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular