लखनऊ, 25 अप्रैल। प्रदेश में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए योगी सरकार लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने वाराणसी दौरे के दौरान सर्किट हाउस में ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी क्षेत्र में ट्रिपिंग बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं होगी और हर हाल में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बढ़ती विद्युत मांग को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उपभोक्ताओं को राहत देते हुए मंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि 1 किलोवाट तक के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं की बिजली नेगेटिव बैलेंस होने पर भी नहीं काटी जाएगी। वहीं 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को अधिकतम 200 रुपये तक की राहत दी जाएगी। साथ ही किसी भी कनेक्शन को काटने से पहले 5 चरणों में एसएमएस अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा। रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाशों पर भी नेगेटिव बैलेंस होने की स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी।
वाराणसी जैसे धार्मिक और पर्यटन नगरी के महत्व को देखते हुए मंत्री ने कहा कि यहां की विद्युत व्यवस्था उच्च स्तर की होनी चाहिए और सभी कार्य पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
इसके अलावा ऊर्जा मंत्री ने वाराणसी में दो अत्याधुनिक 24×7 आपातकालीन विद्युत वैन का उद्घाटन किया। इन वैन का उद्देश्य बिजली फॉल्ट को जल्दी ठीक करना और सप्लाई को जल्द बहाल करना है। इन वाहनों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण और तकनीकी संसाधन उपलब्ध हैं तथा 24 घंटे सेवा के लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारी तैनात रहेंगे।
ये वैन एचटी लाइनों के रखरखाव, ट्रांसफॉर्मर बदलने, भूमिगत केबल फॉल्ट सुधार, बिजली खंभों की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई और नियमित लाइन सर्वे जैसे कार्य करेंगी। इससे न केवल बिजली आपूर्ति में सुधार होगा, बल्कि उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली कटौती से राहत मिलेगी।
