लखनऊ, 25 अप्रैल। सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि किसानों की औसत आय 52 हजार रुपये से बढ़कर लगभग 1.20 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
कृषि मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने गन्ना किसानों को अब तक 3.15 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड भुगतान किया है। उन्होंने पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय किसानों को भुगतान में लंबा इंतजार करना पड़ता था और कई बार 34 महीनों तक भी बकाया नहीं चुकाया जाता था।
शाही ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में मिल मालिकों के साथ सांठगांठ के कारण किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलता था, जबकि वर्तमान सरकार में 8 से 10 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश आज देश के कुल गन्ना उत्पादन में लगभग 55 प्रतिशत का योगदान दे रहा है।
गन्ना मूल्य वृद्धि का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि पहले 300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान होता था, जिसे अब बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल तक किया गया है। इसके साथ ही किसानों को समयबद्ध भुगतान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने 16 लाख से अधिक किसानों के बिजली बिल माफ किए हैं और सिंचाई के लिए नलकूप व सोलर पैनल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। सरयू परियोजना के पूर्ण होने से करीब 14 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई का लाभ मिला है।
कृषि उत्पादन में वृद्धि का उल्लेख करते हुए शाही ने कहा कि प्रदेश में गेहूं, धान, आलू, तिलहन, सब्जी और फल उत्पादन में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। साथ ही एथेनॉल उत्पादन के जरिए चीनी मिलों को मजबूत किया गया है, जिससे किसानों को भुगतान प्रक्रिया और बेहतर हुई है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार की नीतियों के कारण किसानों का भरोसा बढ़ा है और प्रदेश कृषि क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है।
