किस्मत देवी मानिक लाल त्रिपाठी इंटर कॉलेज, खरगापुर (ऊंज) में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉपर्स को शील्ड, प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर की मुख्य आकर्षण रहीं छात्रा अनु मौर्य, जिन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 10वां और जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से डीघ ब्लॉक का नाम रोशन हुआ है।
इसके अलावा श्रेया त्रिपाठी ने 91 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि इंटरमीडिएट में स्वपलिन तिवारी (91%) और सुजीत कुमार (88%) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि मनोज कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि सफलता का एकमात्र रास्ता कड़ी मेहनत है। उन्होंने विद्यालय को 200 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क और एक हाईमास्ट लाइट देने की घोषणा भी की।
विशिष्ट अतिथियों ने बेटियों की सफलता पर गर्व जताते हुए अभिभावकों से भेदभाव न करने की अपील की। अनु मौर्य ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया और भविष्य में देश सेवा की इच्छा व्यक्त की।
