Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ हॉस्टल में छात्रा ने की आत्महत्या, परिजन बिना सूचना शव लेकर...

लखनऊ हॉस्टल में छात्रा ने की आत्महत्या, परिजन बिना सूचना शव लेकर हरिद्वार जा रहे थे, पुलिस ने रोका

लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में 26 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह छात्रा का शव कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान पारुल सक्सेना के रूप में हुई है। वह गोमतीनगर की सृजन विहार कॉलोनी स्थित सार्वजनिक शिक्षकोन्नयन संस्थान के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। हॉस्टल का संचालन डॉ. सुशील त्रिवेदी करते हैं। बताया जा रहा है कि पारुल के पिता अभिषेक सक्सेना स्थानीय निवासी रितेश रंजन चौबे के यहां ड्राइवर के रूप में कार्यरत हैं।

पुलिस के अनुसार, छात्रा की मौत के बाद उसके परिजन शव को बिना पुलिस को सूचना दिए हरिद्वार ले जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही गोमतीनगर पुलिस सक्रिय हुई और शव ले जा रही कार को रोककर अपने कब्जे में ले लिया।

गोमतीनगर थाना पुलिस ने बताया कि रितेश रंजन चौबे ने थाने पहुंचकर जानकारी दी कि उनके ड्राइवर अभिषेक की बेटी पारुल ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद पुलिस ने हॉस्टल मालिक डॉ. सुशील त्रिवेदी को थाने बुलाकर पूछताछ की।

डॉ. त्रिवेदी ने पुलिस को बताया कि पारुल ने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। उन्होंने यह भी बताया कि छात्रा के पिता अंतिम संस्कार के लिए शव को हरिद्वार ले जाने की बात कह रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस हॉस्टल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और छात्रा के पिता समेत अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular