राजधानी लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कानपुर के टीपी नगर बगाही निवासी सुनील कुमार वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी भतीजी मानसी की शादी 9 दिसंबर 2024 को सआदतगंज के झव्वारन काला फाटक निवासी सागर राजपूत से हुई थी। शादी में परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब सात लाख रुपये नकद, तिलक और घरेलू उपयोग का सामान दिया था।
शादी के बाद बढ़ी दहेज की मांग
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। पति सागर राजपूत, ससुर राजेश, ननदोई अनु, ननद बरखा, चांदनी और बुआ सास आशा कथित रूप से कार की मांग को लेकर विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
परिजनों का कहना है कि मानसी कई बार फोन कर उन्हें अपनी परेशानी और ससुराल में हो रही प्रताड़ना के बारे में बताती थी। इसके बाद परिवार के सदस्य कई बार लखनऊ आकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास भी करते रहे। परिजन उसे यह कहकर समझाते रहे कि नई शादी में शुरुआती समस्याएं होती हैं और समय के साथ हालात सुधर जाएंगे।
रिश्तेदारों से मिली मौत की सूचना
सुनील कुमार वर्मा के अनुसार शनिवार को रिश्तेदारों के माध्यम से उन्हें सूचना मिली कि मानसी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि मायके पक्ष इस दावे को स्वीकार नहीं कर रहा है। उनका आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने मानसी की हत्या कर दी और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
परिजनों ने मामले में पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही जांच
सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष आर्या ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल मामले ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है।
