Homeनई दिल्लीजंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, अभिजीत दीपके ने शिक्षा व्यवस्था...

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, अभिजीत दीपके ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और जंतर-मंतर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। महाराष्ट्र स्थित अभिजीत दीपके के आवास पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई।

प्रदर्शन में शामिल कई युवाओं और समर्थकों ने कॉकरोच के मुखौटे पहनकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दीपके ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश का युवा अब डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों और भविष्य के लिए आवाज उठानी चाहिए। दीपके ने कॉकरोच को संघर्ष और जुझारूपन का प्रतीक बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी लड़ाई जारी रखनी चाहिए।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने एनएम, सीयूईटी, सीबीएसई और एसएससी जैसी परीक्षाओं में कथित खामियों और अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी विरोध दर्ज कराया और जवाबदेही तय करने की मांग की।

एयरपोर्ट पर रोके जाने का आरोप

अभिजीत दीपके ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें काफी समय तक एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलने दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से उन्हें अनावश्यक रूप से रोका गया, हालांकि इस संबंध में अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

युवाओं में दिखा उत्साह

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। अभिजीत दीपके ने समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का आह्वान किया।

‘हिट’ लेकर पहुंचे व्यक्ति को हटाया गया

प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प घटना भी देखने को मिली, जब एक व्यक्ति कॉकरोच मारने वाला स्प्रे ‘हिट’ लेकर जंतर-मंतर पहुंच गया। मौके पर मौजूद समर्थकों और पुलिसकर्मियों ने उसे कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया। घटना कुछ समय के लिए चर्चा का विषय बनी रही।

अनुमति को लेकर बनी रही चर्चा

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके की योजना संसद मार्ग थाना जाकर प्रदर्शन की अनुमति लेने की थी। हालांकि अनुमति प्रक्रिया को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी क्योंकि आमतौर पर ऐसे आयोजनों के लिए पूर्व अनुमति आवश्यक होती है। पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती।

RELATED ARTICLES

Most Popular