लखनऊ स्थित King George’s Medical University के नेत्र रोग विभाग में एक असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट (ANS) को लेकर नया विवाद सामने आया है। ड्यूटी में कथित लापरवाही के आरोपों के बाद जहां उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया और फिर दूसरे विभाग में तबादला कर दिया गया, वहीं अब उनके लिए विभाग की ओर से फेयरवेल पार्टी आयोजित किए जाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह फेयरवेल गुरुवार शाम तीन बजे आयोजित किया गया, जिसकी तैयारियां विभाग में काफी समय से चल रही थीं। खास बात यह है कि विभागाध्यक्ष की ओर से बाकायदा नोटिस जारी कर इस कार्यक्रम की जानकारी साझा की गई।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब ओटी (ऑपरेशन थिएटर) में बाहरी लेंस, दवाओं और अन्य सामान की आपूर्ति को लेकर सवाल उठे थे। आरोप है कि इन्हीं व्यवस्थाओं में कथित कोताही के चलते कार्रवाई करते हुए ANS को नोटिस दिया गया था।
इसी प्रकरण में पहले एक डॉक्टर पर भी कार्रवाई हो चुकी है। अब ANS के तबादले और उसके बाद फेयरवेल आयोजन को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
