Homeउत्तर प्रदेशKGMU मरीज को निजी अस्पताल ले जाने का मामला, जांच पूरी; आरोपी...

KGMU मरीज को निजी अस्पताल ले जाने का मामला, जांच पूरी; आरोपी डॉक्टर पर कार्रवाई की तैयारी

लखनऊ: KGMU में भर्ती एक महिला मरीज को कथित रूप से निजी अस्पताल ले जाकर ऑपरेशन कराने के मामले में संस्थान की जांच पूरी हो गई है।

जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। KGMU प्रशासन का कहना है कि आरोपी पूर्व रेजिडेंट डॉक्टर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शासन स्तर से की जाएगी। वहीं, लखनऊ CMO कार्यालय ने भी संबंधित निजी अस्पताल की जांच शुरू कर दी है।

क्या है मामला?

अंबेडकरनगर निवासी विनय दुबे ने 6 जून को अपनी पत्नी कमलेश देवी को इलाज के लिए KGMU में भर्ती कराया था। आरोप है कि डॉक्टर अमित ने बेहतर इलाज का भरोसा दिलाकर उन्हें कृष्णानगर स्थित एसवीएम हॉस्पिटल भेज दिया। परिजनों का दावा है कि वहां करीब 45 हजार रुपये लेकर ऑपरेशन किया गया।

परिवार का आरोप है कि मरीज का ब्लड ग्रुप बी पॉजिटिव होने के बावजूद गलत ब्लड ग्रुप का रक्त चढ़ा दिया गया, जिससे उनकी तबीयत गंभीर हो गई। हालत बिगड़ने पर 16 जून को उन्हें दोबारा KGMU में भर्ती कराया गया, जहां 20 जून को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

जांच में क्या सामने आया?

KGMU की जांच में पता चला कि आरोपी डॉक्टर संस्थान से अपनी पढ़ाई पूरी कर चुका है और बॉन्ड सेवा के तहत उसकी तैनाती डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में हुई है। KGMU प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है और आगे की कार्रवाई वहीं से होगी।

CMO ने भी शुरू की जांच

मामले में लखनऊ CMO कार्यालय ने भी संबंधित निजी अस्पताल को नोटिस जारी कर इलाज से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अस्पताल के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular