Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में 'ओपन स्टूडियो' प्रदर्शनी का आगाज, युवा कलाकारों की कलाकृतियां बनीं...

लखनऊ में ‘ओपन स्टूडियो’ प्रदर्शनी का आगाज, युवा कलाकारों की कलाकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

लखनऊ: अलीगंज स्थित ललित कला अकादेमी के क्षेत्रीय केंद्र में गुरुवार को ‘ओपन स्टूडियो’ प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। स्कॉलरशिप प्रोग्राम 2023-24 के अंतर्गत आयोजित इस प्रदर्शनी में युवा कलाकारों की रचनात्मकता, नवीन प्रयोगों और सामाजिक सरोकारों को एक मंच पर प्रदर्शित किया गया है। उद्घाटन के साथ ही प्रदर्शनी कला प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बन गई।

प्रदर्शनी का उद्घाटन वरिष्ठ कलाकार प्रो. जयकृष्ण अग्रवाल, प्रो. राजेंद्र प्रसाद और क्षेत्रीय सचिव डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर स्कॉलरशिप प्रोग्राम से जुड़े सभी आठ शोधार्थी कलाकार मौजूद रहे। प्रदर्शनी में प्रदर्शित प्रत्येक कलाकृति अपने भीतर अलग-अलग विचार, अनुभव और संवेदनाएं समेटे हुए है।

प्रदर्शनी में चित्रकला, मूर्तिकला, ग्राफिक प्रिंट, फोटोग्राफी और सिरेमिक कला जैसे विभिन्न माध्यमों के जरिए समाज, संस्कृति और मानवीय जीवन के विविध पहलुओं को अभिव्यक्ति दी गई है। यह आयोजन युवा कलाकारों की रचनात्मक यात्रा और उनके कलात्मक दृष्टिकोण को करीब से देखने का अवसर प्रदान करता है।

कलाकार कनुमोनु वेणु ने अपनी कृतियों में जीवन और मृत्यु के बीच मनुष्य के संघर्ष को दार्शनिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया है। वहीं कोमल देवी ने कामाख्या देवी की शक्ति और भारतीय दर्शन के नौ रसों को ग्राफिक प्रिंट्स के माध्यम से सशक्त रूप में उकेरा है।

पायल सिंह की पेंटिंग्स ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं को जीवंत करती हैं, जबकि मूर्तिकार प्राची अग्रवाल ने ईंटों और मानवीय आकृतियों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को अभिव्यक्ति दी है। संजय कुमार की रचनाएं मानव जीवन और सामाजिक चेतना को केंद्र में रखती हैं।

इसके अलावा तान्या गुप्ता ने मां की ममता और भावनात्मक रिश्तों को अपनी कलाकृतियों में उकेरा है। सौरभ सिंह की फोटोग्राफी समसामयिक विषयों पर केंद्रित है, जबकि ट्विंकल नंदा ने सिरेमिक कला में नए प्रयोगों की आकर्षक श्रृंखला प्रस्तुत की है।

यह प्रदर्शनी 30 जून तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular