रिपोर्ट -अजयपाल यादव
बदायूं: जिले में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उझानी थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव के पास गंगा नदी में नहाने गए दो युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मुजरिया थाना क्षेत्र के बगुला नगला गांव के पांच युवक बाइक से गंगा स्नान के लिए चंदनपुर घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान 25 वर्षीय विवेक, पुत्र लीलाधर, और 22 वर्षीय कृष्णा उर्फ नन्हें, पुत्र दाताराम, अचानक गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख उनके साथियों और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर कछला चौकी पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान के दौरान शाम करीब साढ़े छह बजे कृष्णा उर्फ नन्हें को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद कई घंटों तक चले तलाशी अभियान में विवेक का शव भी बरामद कर लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों युवकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। अपने बेटों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में गंगा का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण नदी में स्नान करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। पुलिस ने भी लोगों से गहरे पानी में जाने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।
