गोपीगंज (भदोही): भदोही के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के संसारापुर गांव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुरुवार देर रात बड़े भाई और उसकी पत्नी पर छोटे भाई की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। गोपीगंज पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, संसारापुर निवासी 35 वर्षीय संजय सरोज मुंबई में रहकर मजदूरी करते थे और 24 जून को ही घर लौटे थे। गुरुवार रात पैतृक मकान के कमरों के बंटवारे को लेकर परिवार में विवाद हुआ। आरोप है कि बड़े भाई ललऊ सरोज और उसकी पत्नी चंदा सरोज ने लोहे की नुकीली हिकनी और हंसिया से संजय पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी सावित्री देवी की तहरीर पर गोपीगंज थाने में मुकदमा संख्या 258/2026 दर्ज किया गया है। मामले में राजेंद्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ सरोज और चंदा देवी को नामजद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी पति-पत्नी को संसारापुर मेन रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की हिकनी और हंसिया भी बरामद कर लिए गए। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
घटना के दौरान मौके पर पहुंची पीआरबी टीम के साथ धक्का-मुक्की की भी चर्चा है। बताया गया कि पीआरबी के एक कर्मचारी को हल्की चोट आई और उनका सरकारी मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अलग से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
संजय सरोज अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। परिजनों का कहना है कि संजय ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। परिजनों ने शासन से आर्थिक सहायता और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
