Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी ने किया सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन

सीएम योगी ने किया सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर के बेतियाहाता स्थित एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से हर वर्ष 1200 से 1500 करोड़ रुपये जरूरतमंद मरीजों के इलाज पर खर्च करती है।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं और सरकार चिकित्सा क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। पहले जहां हर जिले में माफिया का बोलबाला था, वहीं अब सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुज़ीन’ जैसी योजनाओं ने उत्तर प्रदेश की नई पहचान बनाई है।

आयुष्मान योजना और मुख्यमंत्री राहत कोष का जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित आयुष्मान भारत योजना दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है।

इसमें छूटे हुए पात्र लोगों को उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य स्तर पर शामिल किया है। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से भी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।

बीमार मेडिकल कॉलेज नहीं, पिछली सरकारों की सोच थी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहले केवल गोरखपुर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज था, जिसकी हालत खराब थी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज नहीं बल्कि पिछली सरकारों की मानसिकता बीमार थी। आज बीआरडी मेडिकल कॉलेज के साथ गोरखपुर में एम्स भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे रहा है और प्रदेश के कई जिलों में मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि महाराजगंज, देवरिया, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बहराइच, आजमगढ़, गाजीपुर, रायबरेली, अमेठी, मिर्जापुर और चंदौली सहित कई जिलों में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जबकि बलिया मेडिकल कॉलेज को भी मंजूरी मिल चुकी है।

सरकारी अस्पतालों में बढ़ीं सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को इलाज के लिए लखनऊ, दिल्ली और मुंबई जाना पड़ता था। आज सरकारी अस्पतालों में आईसीयू, डायलिसिस, ब्लड बैंक और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में अब दो दर्जन से अधिक अस्पताल आईसीयू सुविधा के साथ संचालित हो रहे हैं।

विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवा देना बड़ी जिम्मेदारी

सीएम योगी ने कहा कि अस्पतालों और डॉक्टरों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी लोगों को विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल गोरखपुर और आसपास के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मार्कण्डेय चंद को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने हॉस्पिटल परिसर में पूर्व मंत्री मार्कण्डेय चंद की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मार्कण्डेय चंद गोरक्षपीठ के प्रति गहरी आस्था रखते थे और उनके पुत्र सीपी चंद तथा डॉ. अरुण चंद ने इस अस्पताल के माध्यम से उनके सपने को साकार किया है।

कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल, एमएलसी सीपी चंद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि और चिकित्सक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular