लखनऊ। महिला उद्यमिता को नई दिशा देने और महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स को मजबूत बनाने के उद्देश्य से FICCI FLO लखनऊ चैप्टर ने अपनी चेयरपर्सन सिमरन साहनी के नेतृत्व में ‘FLO SheRises 2026’ के चौथे संस्करण का शुभारंभ किया। होटल क्लार्क अवध में आयोजित यह तीन दिवसीय एंटरप्रेन्योरशिप बूट कैंप 25 से 27 जून तक चलेगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन FICCI FLO की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूजा गर्ग और राष्ट्रीय स्टार्टअप प्रमुख प्रिया गौतम ने किया। इस दौरान महिला उद्यमिता, नवाचार और आर्थिक विकास में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया गया।
MeitY Startup Hub और Start In UP के सहयोग से आयोजित इस बूट कैंप का उद्देश्य महिला उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार, रणनीतिक नेतृत्व, वित्तीय प्रबंधन, ब्रांडिंग, फंडिंग और बिजनेस स्केलिंग से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
इस वर्ष कार्यक्रम के लिए विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया था। कठोर चयन प्रक्रिया के बाद 33 महिला उद्यमियों को ऑफलाइन बूट कैंप के लिए चुना गया। चयनित प्रतिभागियों को अनुभवी उद्योग विशेषज्ञों और स्टार्टअप मेंटर्स से प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलेगा
कार्यक्रम के पहले चरण में तीन दिनों तक गहन प्रशिक्षण और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
इसके बाद प्रतिभागियों के प्रदर्शन और व्यवसायिक संभावनाओं के आधार पर शीर्ष 10 महिला उद्यमियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें दूसरे चरण में उद्योग विशेषज्ञों के साथ वन-टू-वन मेंटरशिप का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय FLO Startup Conclave में होगा, जहां प्रतिभागी अपने स्टार्टअप्स को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत कर सकेंगी।
FICCI FLO लखनऊ की चेयरपर्सन सिमरन साहनी ने कहा कि आज महिलाएं केवल सफल व्यवसाय नहीं चला रहीं, बल्कि नवाचार, रोजगार सृजन और देश की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं
उन्होंने कहा कि FLO SheRises का उद्देश्य महिला फाउंडर्स को ज्ञान, मेंटरशिप और मजबूत नेटवर्क उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और सफल उद्यमी बनाना है।
कार्यक्रम में अद्वैत कुर्लेकर, सीए प्राची जैन, नीतू बंसल, प्राजक्त राउत, टीना मनसुखानी गर्ग और विवेक वर्मा जैसे विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दे रहे हैं। वहीं Invest UP के इन्वेस्ट लीड रवि पांडे ने उत्तर प्रदेश सरकार की स्टार्टअप और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रतिभागियों को दी।
बूट कैंप के दौरान प्रतिभागियों को बिजनेस मॉडल, यूनिट इकोनॉमिक्स, प्राइसिंग, सेल्स स्ट्रैटेजी, ब्रांडिंग, फंडरेज़िंग, लीडरशिप डेवलपमेंट, सरकारी योजनाओं और स्टार्टअप सपोर्ट सिस्टम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और अन्य उद्यमियों के साथ नेटवर्किंग का अवसर भी मिलेगा।
आयोजकों का मानना है कि FLO SheRises 2026 महिला उद्यमियों को आवश्यक संसाधन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला एक प्रभावी मंच साबित होगा।
