Homeउत्तर प्रदेशजनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, बोले- इलाज...

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, बोले- इलाज की चिंता सरकार करेगी

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का तय समयसीमा में निस्तारण किया जाए और समाधान के बाद पीड़ित पक्ष से संपर्क कर उनकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।

जनता दर्शन के दौरान बरेली की एक कैंसर पीड़ित महिला ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर मुख्यमंत्री ने अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट मंगवाने को कहा और आश्वासन दिया कि इलाज की चिंता सरकार करेगी। उन्होंने अधिकारियों को महिला को अस्पताल में भर्ती कराने और समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

राजस्व मामलों की सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने राजस्व मुकदमों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से न्यायालय में बैठने और मामलों का जल्द फैसला करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जरूरतमंद और गरीब वादकारियों को समय पर न्याय मिले, इसलिए राजस्व अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular