पारा थाना क्षेत्र के डूडा कॉलोनी, नरपत खेड़ा में सोमवार तड़के करीब 3 बजे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग की वजह से ट्रांसफार्मर से जुड़ा बिजली का तार टूटकर नीचे खड़ी एक वैगनआर कार पर गिर गया, जिससे कार में भी आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वह पूरी तरह जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप कुशवाहा की ‘कुलदीप जनरल स्टोर’ के बाहर उनकी वैगनआर कार खड़ी थी। आग की चपेट में आने से कार के अलावा दुकान के बाहर रखा फ्रिज और लोहे का स्टैंड भी क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर से तेज चिंगारियां निकलने लगीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। विद्युत आपूर्ति बंद कराए जाने के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। घटना के समय सड़क पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पीड़ित कुलदीप कुशवाहा ने बताया कि आग से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने और ट्रांसफार्मर की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई पुराने ट्रांसफार्मर और जर्जर बिजली के तार हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने बिजली विभाग से समय रहते रखरखाव और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।

