Homeउत्तर प्रदेशराजनाथ सिंह के जन्मदिन पर लखनऊ में चला मेगा सफाई अभियान

राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर लखनऊ में चला मेगा सफाई अभियान

लखनऊ। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को लखनऊ नगर निगम ने पूरे शहर में वृहद मेगा सफाई अभियान चलाया। अभियान के तहत नगर निगम के सभी 110 वार्डों में एक साथ विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ लखनऊ का संदेश दिया गया।

अभियान का शुभारंभ महापौर सुषमा खर्कवाल ने हजरतगंज स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षदगण और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। शुभारंभ के बाद महापौर ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने और शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग की अपील की।

महापौर ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का लखनऊ के विकास और जनसेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनके जन्मदिन पर आयोजित यह अभियान सेवा, सम्मान और स्वच्छता के संकल्प का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों की भागीदारी से ही लखनऊ को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है।

110 वार्डों में तैनात किए गए नोडल अधिकारी

अभियान को प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने सभी 110 वार्डों में नोडल अधिकारियों की तैनाती की। इन अधिकारियों को अपने-अपने वार्डों में सफाई कार्यों की निगरानी, अभियान के संचालन और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अभियान के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, पार्षदों और नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular